नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर मशहूर एक यूट्यूबर को नाबालिग से दुष्कर्म करने और उसे देह व्यापार में धकेलने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पीड़िता जाफराबाद इलाके की रहने वाली है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता आरोपी यूट्यूबर के इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर मजाकिया वीडियो देखती थी। अप्रैल 2025 में पीड़िता ने मैसेज के जरिए आरोपी से संपर्क किया, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि दोस्ती के बाद आरोपी पीड़िता को दिल्ली गेट ले गया, जहां कार में कोल्ड ड्रिंक के जरिए उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
जब पीड़िता ने इस घटना की जानकारी अपने परिवार और पुलिस को देने की बात कही, तो आरोपी ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए नाबालिग के 16 वर्ष की होने पर उससे निकाह कर लिया। इस निकाह में दोनों पक्षों के परिवार शामिल हुए थे। हालांकि, शादी के कुछ ही महीनों बाद आरोपी का रवैया बदल गया और उसने पीड़िता को जबरन देह व्यापार में धकेलने की कोशिश शुरू कर दी।
आरोपी के अत्याचारों से तंग आकर पीड़िता सीलमपुर थाने पहुंची। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 5 अगस्त को दुष्कर्म, पॉक्सो (POCSO), और मारपीट समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी यूट्यूबर को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी (उत्तर पूर्वी जिला) राहुल अलवाल के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।







