जलालपुर। हरियाणा से घर लौटे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। युवक के पिता ने प्रेम प्रसंग को हत्या की वजह बताते हुए प्रेमिका, उसके भाई और दो अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला नगपुर मुस्तफाबाद निवासी पारस मौर्य के बेटे रवि का है। रवि हरियाणा की एक निजी कंपनी में काम करता था और करीब तीन महीने पहले ही घर लौटा था। गुरुवार को उसका शव घर से लगभग 500 मीटर दूर एक कटहल के पेड़ पर तार के सहारे लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे।
रवि दो भाइयों में छोटा था और उसकी शादी नहीं हुई थी। पिता पारस मौर्य का आरोप है कि बेटे का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उनका दावा है कि रवि को फोन करके बुलाया गया और इसके बाद साजिश के तहत उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया। उन्होंने अपनी शिकायत में प्रेमिका पूजा, उसके भाई अमरजीत और दो अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया है।
गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शाम को रवि का शव घर पहुंचा तो स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया। परिजन आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। हरियाणा से अन्य परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया।
शुक्रवार को खराब मौसम के बावजूद तमसा नदी के बालाघाट पर युवक का अंतिम संस्कार किया गया। निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि प्रेमिका, उसके भाई और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।







