नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मथुरा से जुड़े नवगठित ‘गैंगलैंड’ गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके कथित सरगना समेत तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोडारा के नेटवर्क से जुड़े हुए थे और दिल्ली-एनसीआर में जबरन वसूली तथा फायरिंग की वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्तौल, 11 जिंदा कारतूस और एक स्कॉर्पियो बरामद की है। अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई उस समय की गई जब आरोपी कथित तौर पर वसूली के लिए संभावित ठिकानों और निशानों की तलाश कर रहे थे।
स्पेशल सेल की एसडब्ल्यूआर टीम को सूचना मिली थी कि गैंग के सदस्य दिल्ली-एनसीआर में दफ्तरों या वाहनों पर गोलीबारी कर डर पैदा करने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद द्वारका इलाके में निगरानी बढ़ाकर जाल बिछाया गया। पुलिस ने 29-30 जुलाई की रात स्कॉर्पियो से घूम रहे तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय कन्हा सिंह जदौन उर्फ कन्हा ठाकुर, 24 वर्षीय सूरज और 30 वर्षीय वल्लभ आचार्य के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, कन्हा ठाकुर ने मथुरा के भूषण के साथ मिलकर गैंग तैयार किया था। आरोपी कथित तौर पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी आपराधिक गतिविधियों का प्रचार भी करते थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बाद में इस गिरोह ने रोहित गोडारा को अपना प्रमुख माना। पुलिस के अनुसार, कन्हा ठाकुर पर जयपुर में 2023 के एक कथित कॉन्ट्रैक्ट किलिंग मामले से जुड़ा आरोप भी है।
बरामद हथियारों में एक 30 बोर ऑटोमैटिक पिस्तौल के साथ पांच कारतूस और दो सिंगल शॉट पिस्तौल शामिल हैं। स्पेशल सेल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उनके संभावित आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।







