दिल्ली- दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने प्रतिबंधित चाइनीज और प्लास्टिक मांझे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने छापेमारी कर 1,398 रील प्रतिबंधित मांझा बरामद किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित मांझे की अवैध बिक्री, भंडारण और सप्लाई की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की तैयारी की गई। इंस्पेक्टर प्रकाश चंद के नेतृत्व में, एसीपी राज कुमार के निर्देशन और डीसीपी हर्ष इंदौरा की निगरानी में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर अभियान चलाते हुए प्रतिबंधित मांझे के कारोबार से जुड़े तीन लोगों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में चाइनीज/प्लास्टिक मांझा मिला। कुल 1,398 रील मांझा बरामद किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मांझे की सप्लाई में इस्तेमाल किए जा रहे एक वाहन को भी जब्त किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर प्रतिबंधित मांझे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।







