नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके पंजाबी बाग में एक नामी रेस्टोरेंट कारोबारी से गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और उसके गुर्गों के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रकम न देने पर पीड़ित और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर पंजाबी बाग थाना पुलिस ने रंगदारी और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित कारोबारी राजकुमार वालिया पंजाबी बाग स्थित ‘ब्रीथ फाइन लाउंज एंड बार’ (Breathe Fine Lounge & Bar) के संचालक हैं। राजकुमार वालिया ने बताया कि 18 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से वॉयस नोट आया। वॉयस नोट भेजने वाले ने खुद को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बताते हुए सीधे 5 करोड़ रुपये की मांग की। आरोपी ने धमकी दी कि अगर रंगदारी की रकम समय पर नहीं मिली, तो कारोबारी या उनके परिवार के किसी सदस्य की हत्या कर दी जाएगी।
पीड़ित के मुताबिक, अगले ही दिन 19 जुलाई को फिर से एक अज्ञात विदेशी नंबर से दो बार कॉल आए। इस बार फोन करने वाले ने खुद की पहचान मनीष खरखोदा (खुद को गोल्डी बराड़ का छोटा भाई बताने वाला) के रूप में दी और 5 करोड़ रुपये देने का दबाव बनाया। जब कारोबारी ने इतनी बड़ी रकम देने से असमर्थता जताई, तो आरोपी ने उन्हें और उनके परिजनों को अंजाम भुगतने की सीधी चेतावनी दे डाली।
फिलहाल पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच के जरिए उन विदेशी नंबरों की लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। पुलिस कारोबारी और उनके परिवार की सुरक्षा का जायजा ले रही है।







