गाजियाबाद- अल्वी नगर कॉलोनी में हुई शिवम उर्फ लालू की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस वारदात के मुख्य आरोपी और 25-25 हजार रुपये के इनामी दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। देर रात लोनी नगर पालिका परिषद मार्ग पर हुई कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार रात चेकिंग के दौरान दोनों संदिग्ध एक बाइक पर सवार होकर आ रहे थे। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया। मुठभेड़ स्थल से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि 11 दिसंबर की रात अल्वी नगर कॉलोनी में एक गोदाम के बाहर बैठे शिवम उर्फ लालू की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस समय मृतक का भाई और उसके दो अन्य साथी भी मौके पर मौजूद थे। इस मामले में परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान सामने आया कि हत्या की साजिश मन्नू और उसके साथियों ने रची थी। पुलिस ने पहले ही इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी मन्नू और उसका साथी शान फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने दोनों पर इनाम घोषित किया था।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की और संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों ने पुलिस पर गोली चला दी, हालांकि किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके पर ही पकड़ लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मन्नू उर्फ सुहैल और शान के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मन्नू शातिर किस्म का अपराधी है और उस पर हत्या, लूट और अन्य संगीन धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। वहीं शान के खिलाफ भी हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी जैसे कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है।







