गुरुग्राम: फरुखनगर थाना क्षेत्र के कारौला गांव में 27 वर्षीय सागर की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हुई हत्या के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने जाटोली स्थित खंडेवला मोड़ पर सड़क जाम कर जमकर नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। अचानक लगे इस जाम के कारण रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वाहनों में भरकर आए थे हमलावर घटना गुरुवार शाम करीब चार बजे की है, जब कारौला गांव में अज्ञात हमलावर कई गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे। उन्होंने 27 वर्षीय सागर पर अंधाधुंध फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही एसीपी और फरुखनगर थाना पुलिस समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।
हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तारी पर अड़े ग्रामीण शुक्रवार को प्रदर्शन की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल ग्रामीणों को समझाने-बुझाने पहुंचा। हालांकि, ग्रामीण हत्यारोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। मौके पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच व आरोपियों को जल्द दबोचने का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया है।







