लखीमपुर खीरी- लखीमपुर खीरी के मितौली थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पीड़िता के परिजनों ने बताया कि घटना शुक्रवार रात की है। उस समय परिवार में शादी समारोह चल रहा था और सभी लोग बरातियों की सेवा में व्यस्त थे। इसी दौरान बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजन और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। लगभग दो घंटे बाद बच्ची गांव के ही एक व्यक्ति के साथ घायल अवस्था में मिली।
बच्ची ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
घायल बच्ची को मितौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।







