जहांगीरपुरी में फायरिंग और हत्या की कोशिश के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर चलाई गई गोली, जवाबी कार्रवाई में घायल होकर पकड़ा गया
दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में गुरुवार तड़के एक मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक वांछित अपराधी को धर-दबोचा। मजनू का टीला इलाके में हुई इस कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए युवक की पहचान नितिन के रूप में हुई है, जो जहांगीरपुरी का रहने वाला है और महज 19 साल का है।
जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह के अनुसार, नितिन के खिलाफ जहांगीरपुरी क्षेत्र में फायरिंग और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज है। पुलिस को गुरुवार तड़के करीब 3:50 बजे सूचना मिली कि नितिन मजनू का टीला मेट्रो स्टेशन के आसपास देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी।
पुलिस ने जब नितिन को रोका, तो उसने बाइक से भागने की कोशिश की और पीछा कर रही टीम पर दो राउंड फायर कर दिए। अपनी सुरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी गोलीबारी की, जिसमें एक गोली नितिन के बाएं पैर में लगी। इसके तुरंत बाद उसे पकड़कर अस्पताल भेजा गया।
मौके से पुलिस ने एक पिस्टल, दो खाली कारतूस और एक बाइक बरामद की है। फिलहाल नितिन से पूछताछ की जा रही है ताकि उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों का पता लगाया जा सके।







