नई दिल्ली। करोल बाग इलाके से अगवा किए गए डेढ़ साल के बच्चे को दिल्ली पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। बच्चे के अपहरण और खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों की पहचान आनंत (22), राजू (24), साहिल (21), फूलन श्रीवास उर्फ संतोष (54) और एक किशोर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक स्कूटी, एक कार और 5500 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
फुटपाथ से हुआ था अपहरण
डीसीपी (मध्य) निधिन वल्सन के अनुसार, 24 सितंबर की सुबह एक व्यक्ति मुकेश ने शिकायत दी कि उसका डेढ़ साल का बेटा लापता है। पीड़ित परिवार राजस्थान से मेले में आर्टिफिशियल ज्वेलरी बेचने दिल्ली आया था और गंगाराम अस्पताल के पास फुटपाथ पर सो रहा था। सुबह उठने पर उन्हें बच्चा गायब मिला।
सीसीटीवी से मिला सुराग, कार से किया था अपहरण
पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और आसपास के 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले। एक फुटेज में दो युवक स्कूटी पर आते हुए बच्चे को उठाते नजर आए, जिसे बाद में कार में बैठाकर ले जाया गया। कार का नंबर ट्रेस कर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और बच्चे को सुरक्षित बचा लिया।
पैसों के लिए किया गया था सौदा
पूछताछ में मुख्य आरोपी राजू ने खुलासा किया कि आरोपी फूलन श्रीवास के घर कोई संतान नहीं थी और उसने एक लाख रुपये में बच्चा खरीदने की इच्छा जताई थी। इस पर राजू और उसके साथियों ने अपहरण की साजिश रची। सौदे के तहत श्रीवास ने उन्हें पहले ही 45 हजार रुपये दे दिए थे।
पहले भी की थी कोशिशें
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी इससे पहले भी कई बार बच्चों को अगवा करने की कोशिश कर चुके थे, लेकिन उन्हें कामयाबी 24 सितंबर को मिली। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, जिसमें बच्चे खरीदने-बेचने का गिरोह होने की आशंका जताई जा रही है।







