बदायूं- उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के दातागंज क्षेत्र में रविवार सुबह एक 18 वर्षीय युवती का शव उसके घर की चारपाई पर संदिग्ध हालत में मिला। युवती उस समय घर में अकेली थी। प्रारंभिक जांच में गले पर रस्सी के निशान और कपड़ों की हालत देख कर दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा।
अकेले रहती थी, परिवार पहले ही खो चुका था
मृतका के माता-पिता का निधन पहले ही हो चुका है और उसका कोई सगा भाई नहीं है। वह अपने चाचा और चचेरे भाई के साथ रहती थी। रोजाना की तरह शनिवार रात भी वह खाना खाकर अकेले अपने घर में सोने चली गई थी। रविवार सुबह परिवार के सदस्य खेत पर चले गए थे, तभी मोहल्ले के लोगों ने युवती का शव चारपाई पर पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और प्रशासन ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
सूचना मिलते ही दातागंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी (सीओ) दातागंज केके तिवारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायज़ा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
युवती के चचेरे भाई ने पुलिस को तहरीर सौंपते हुए इस मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि युवती उनके साथ ही रहती थी और रात में अपने पुराने घर में जाकर सोती थी।
पुलिस कर रही है हर एंगल से जांच
सीओ केके तिवारी ने बताया कि युवती का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिला है। प्रथम दृष्टया मामला आपराधिक प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।







