कानपुर। मंधना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती को शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक उसका शोषण करने और बाद में विवाह से इनकार करने के आरोप में पुलिस ने अमेठी में तैनात सिपाही अश्वनी चौहान को अयोध्या से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। आरोपी का हाल ही में दारोगा पद के लिए भी चयन हुआ था।
पीड़िता ने पिछले सप्ताह डीसीपी पश्चिम को शिकायत देकर बताया था कि वर्ष 2020 में वह नाबालिग थी। उस दौरान बिल्हौर क्षेत्र के मुनीश्वर अवस्थी नगर निवासी अश्वनी चौहान उसके घर पर किराये की दुकान चलाता था। आरोप है कि इसी दौरान उसने शादी का वादा कर युवती से संबंध बनाए और उसका शोषण करता रहा।
युवती के परिवार ने जब आरोपी के परिजनों से इस संबंध में बात की तो उन्होंने उसके बालिग होने के बाद शादी कराने की बात कही। पीड़िता का आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी ने उसके साथ संपर्क बनाए रखा और शादी का आश्वासन देता रहा।
वर्ष 2025 में अश्वनी की पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर नियुक्ति अमेठी में हुई। इसके बाद उसने प्रतियोगी परीक्षा दी और हाल में उसका दारोगा पद पर चयन होने की जानकारी सामने आई। पीड़िता के मुताबिक, इसी वर्ष मार्च में जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी और उसके परिजनों ने कथित तौर पर जातिसूचक अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीपी कल्याणपुर ने मामले की जांच की। पुलिस के अनुसार, जांच में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज के मुताबिक, पुलिस टीम ने आरोपी को अयोध्या से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।







