गाजियाबाद: दिल्ली-एनसीआर में साइबर अपराधियों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की ओरा चिमेरा सोसायटी में रहने वाले संजय कुमार साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। शातिर ठगों ने इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) का कनेक्शन काटने का डर दिखाकर उनके खाते से ₹8 लाख साफ कर दिए।
APK फाइल और स्क्रीन शेयरिंग से लगाई चपत पीड़ित के अनुसार, 24 मई को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें गैस कनेक्शन बंद होने की चेतावनी दी गई थी। दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर ठग ने खुद को आईजीएल कर्मचारी बताया और बकाया बिल जमा करने के नाम पर वॉट्सएप पर एक APK फाइल (थर्ड-पार्टी ऐप) भेजी।
जैसे ही पीड़ित ने ऐप डाउनलोड किया, ठगों ने मोबाइल का एक्सेस हासिल करने की कोशिश की। जब वे सीधे पैसे ट्रांसफर नहीं कर पाए, तो उन्होंने झांसा देकर पीड़ित से स्क्रीन शेयर करा ली और उनके बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में करीब ₹8 लाख उड़ा लिए।
कार्ड ब्लॉक करने तक निकल चुके थे पैसे खाते से ₹2 लाख कटने का एसएमएस आने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत अपना डेबिट कार्ड ब्लॉक कराया। हालांकि, तब तक ठग कुल 8 लाख रुपये की चपत लगा चुके थे। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।







