गुरुग्राम। गुरुग्राम क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर दीपक नांदल और हिमांशु भाऊ गिरोह से कथित तौर पर जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुग्राम और रोहतक के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पिछले दो से तीन वर्षों से गिरोह के लिए काम कर रहे थे।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-40 की टीम ने आरोपियों के कब्जे से चार पिस्टल, 18 कारतूस और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी एक आपराधिक मामले में वांछित थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रोहतक के छह और दिल्ली का एक व्यक्ति शामिल है। इनमें रोहतक के कमला नगर निवासी योगेश उर्फ कछुआ और शुभम सिक्का को 7 अगस्त को पकड़ा गया। इसके बाद प्रीत विहार निवासी संदीप हुड्डा और गांव मैना निवासी रोहित उर्फ शक्ति को 9 अगस्त को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, गांव नांदल निवासी बलविंदर उर्फ सोनू को 10 अगस्त और गांव माकडौली निवासी सुरजीत को 11 अगस्त को दबोचा गया। दिल्ली के पश्चिम विहार निवासी गौरव अरोड़ा को 12 अगस्त को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच है।
जांच में पुलिस को पता चला है कि बलविंदर उर्फ सोनू के खिलाफ हत्या, लूट और अवैध हथियारों से जुड़े 17 मामले दर्ज हैं। वहीं, दिल्ली निवासी गौरव अरोड़ा पर गिरोह के लिए हवाला के जरिए पैसों के लेन-देन को संभालने का आरोप है।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए गिरोह की अन्य गतिविधियों और उससे जुड़े दूसरे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।







