सुनाम। पंजाब के सुनाम क्षेत्र के गांव संगतीवाला में कर्ज के दबाव के बीच एक युवा किसान की मौत का मामला सामने आया है। 32 वर्षीय किसान जग्गा सिंह ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
खेती से परिवार का करता था पालन-पोषण
मृतक की पहचान जग्गा सिंह (32), पुत्र पाल सिंह निवासी संगतीवाला के रूप में हुई है। बताया गया कि वह छोटे किसान थे और करीब दो एकड़ जमीन पर खेती करने के साथ अतिरिक्त जमीन ठेके पर लेकर भी खेती करते थे। इसी आमदनी से वह अपने परिवार का खर्च चलाते थे।
करीब पांच लाख रुपये का था कर्ज
लहरा पुलिस के सहायक थानेदार सुनील कुमार के अनुसार, जग्गा सिंह पर सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों का करीब 5 लाख रुपये का कर्ज बताया जा रहा है। लगातार फसल उत्पादन कम रहने और खेती में नुकसान के चलते वह कर्ज चुकाने में परेशानी का सामना कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, इसी वजह से वह काफी समय से तनाव में थे।
इलाज के दौरान हुई मौत
पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त को जग्गा सिंह ने कथित तौर पर कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सुनाम के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक की पत्नी संदीप कौर के बयान के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जग्गा सिंह की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव के पूर्व सरपंच जत्थेदार रघुवीर सिंह और अकाली नेता दर्शन सिंह संगतीवाला ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि मृतक अपने पीछे वृद्ध मां, पत्नी, चार वर्षीय बेटी और डेढ़ साल के बेटे को छोड़ गया है।
उन्होंने पंजाब सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।







