लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। टिब्बा रोड क्षेत्र के स्वतंत्रता नगर में देर रात कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने युवक को घेरकर उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, स्वतंत्रता नगर में हरजिंदर सिंह को कुछ लोगों ने घेर लिया। बताया जा रहा है कि हमलावर कार से पहुंचे थे और युवक पर अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने करीब डेढ़ दर्जन राउंड फायर किए। इस दौरान हरजिंदर को पांच गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोली चलने की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल हरजिंदर को तत्काल सीएमसी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना टिब्बा पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से गोली के खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने वारदात से जुड़े सुरागों के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मामले की जांच जारी है।







