गाजियाबाद- गाजियाबाद के लोनी इलाके में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। अंकुर विहार थाना क्षेत्र की चमन विहार कॉलोनी में सोमवार देर रात एक 22 वर्षीय युवक को घर से बाहर बुलाने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह युवक का शव घर से कुछ ही दूरी पर एक खाली पड़े भूखंड में बरामद हुआ।
स्थानीय लोगों ने जब खाली प्लॉट में युवक को पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
मृतक की पहचान अमरपाल के रूप में हुई है, जो दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके से ट्रक के पुर्जे लाकर आसपास की दुकानों पर सप्लाई करने का काम करता था। परिजनों के अनुसार, सोमवार रात करीब नौ बजे अमरपाल के फोन पर किसी का कॉल आया, जिसके बाद वह घर से बाहर चला गया।
काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। आशंका होने पर परिजन खुद ही उसकी तलाश में निकले, तो घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर एक खाली प्लॉट में वह अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसके गले में तार बंधा हुआ था।
परिजन आनन-फानन में तार हटाकर उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मृतक के गले पर तार के निशान पाए गए हैं, जबकि शरीर पर अन्य किसी तरह की चोट नहीं दिखी है। युवक का मोबाइल फोन भी मौके से गायब बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के कारणों व आरोपियों की तलाश में जांच तेज कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है।







