गाजियाबाद – गाजियाबाद के डासना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के पीछे उसकी पत्नी और उसके प्रेमी की कथित साजिश सामने आई है। मृतक की पहचान आसिफ उर्फ गुल्लू के रूप में हुई है, जिसे मंगलवार की रात गोली मार दी गई थी। पुलिस के अनुसार, हत्या की योजना मृतक की दूसरी पत्नी ने बनाई थी, जिसे प्रेम संबंध के चलते अंजाम दिया गया।
घटना मसूरी थाना क्षेत्र के रफीकाबाद-सिकरोड़ा रेलवे फाटक के पास हुई, जहां स्कूटी सवार आसिफ को गोली मारी गई। गोली मारने वालों में मुख्य रूप से रेहान और बिलाल शामिल थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, आसिफ को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, आसिफ पहले ड्रग तस्करी के मामले में जेल जा चुका था और करीब पांच महीने पहले ही रिहा हुआ था। जेल से लौटने पर जब वह अपनी दूसरी पत्नी के पास पहुंचा, तो वह आठ माह की गर्भवती मिली। इस पर दोनों के बीच विवाद गहराता चला गया।
आरोप है कि आसिफ को शक हो गया था कि उसकी पत्नी के रेहान नामक युवक से संबंध हैं, जो स्वयं और उसका भाई फरमान, दोनों आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं। जब आसिफ ने इसका विरोध किया, तो पत्नी ने रेहान के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने रेहान से शादी करने की बात कहकर उसे उकसाया और हत्या को अंजाम दिलवाया।
पीड़ित पक्ष की ओर से अनवर ने बिलाल पुत्र कय्यूम, रेहान, फरमान पुत्रगण इलियास और दो-तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।







