उत्तर प्रदेश। हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर के एक गांव निवासी युवक ने एक युवती पर सोशल मीडिया पर प्रेमजाल में फंसा कर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि युवती ने उसे काशीपुर उत्तराखंड स्थित एक होटल में बुलाकर बंधक बनाकर फर्जी तरीके से निकाह कर लिया। उसने निकाह करने से मना किया तो युवती समेत उसके साथियों ने जान से मारने की धमकी दी। अब आरोपी महिला उससे उत्तराखंड के काशीपुर में 50 लाख का फ्लैट खरीदकर देने की मांग कर रही है।
पीड़ित ने न्यायालय की शरण में पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की ओर से दर्ज कराई गई, रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि तीन साल पहले उसके मोबाइल पर सोशल मीडिया की एक साइट पर एक युवती ने मित्रता संदेश भेजा। कुछ दिन तक युवती उससे सामाजिक व्यवहार की बात करने लगी, लेकिन उसके बाद उसको अश्लील वीडियो और फोटो भेजना शुरू कर दिया।
उसने मना किया तो युवती ने उससे एक बार मिलने की बात कही। जिससे वह उससे उसके बताए गए स्थान पर मिलने के चला गया। वहां से युवती एक होटल में लेकर पहुंच गई, जहां पहले से तीन युवक मौजूद थे। वहां चारों ने उसको एक कमरे में बंद कर लिया। उसके बाद इमाम के माध्यम से दबाव बनाकर फर्जी तरीके से निकाह करा दिया। उसके बाद सभी उसको ब्लैकमेल कर रहे है। पीड़ित ने बताया के उसके बाद उसी युवती ने अपना नाम बदलकर उसके भाइयों को भी फंसाने का प्रयास किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







