दिल्ली- सत्यनगर कॉलोनी, नगर गुरुद्वारा रोड के पास एक मांसाहारी होटल द्वारा फैलाए जा रहे धुएं और गंदगी से त्रस्त स्थानीय महिला ने प्रशासन से शिकायत की है। महिला का आरोप है कि आपत्ति जताने पर होटल संचालक ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़िता असगरी बेगम ने बताया कि होटल उनके मकान से सटा हुआ है और संचालक खुले में मांस पकाता है, जिससे निकलने वाला धुआं सीधे उनके घर में भर जाता है। उन्होंने बताया कि इस धुएं की वजह से उनके पति की आंखों में संक्रमण हो गया है और परिवार का रहना दूभर हो गया है।
महिला ने जब होटल मालिक से सफाई व्यवस्था ठीक करने की बात की, तो वह न केवल अभद्र व्यवहार करने लगा बल्कि जान से मारने की धमकी भी दे डाली। इस घटना के बाद असगरी बेगम ने उपजिलाधिकारी से मिलकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।







