वाराणसी। चितईपुर और शिवपुर थाना क्षेत्र के दो परीक्षा केंद्रों से अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने गए सॉल्वर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार किए गए। दोनों के खिलाफ चितईपुर और शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। दोनों ही प्रकरण से संबंधित अभ्यर्थियों की पुलिस तलाश कर रही है। चितईपुर थाना के धरमवीर नगर इलाके में स्थित द न्यू आइडियल स्टार पब्लिक स्कूल में दोपहर की पाली में सीटेट में शामिल होने के लिए आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना के बिजरवा का रहने वाला संतोष कुमार पाल पहुंचा।
संतोष गाजीपुर के सैदपुर निवासी अजीत कुमार यादव की जगह परीक्षा देने गया था। बायोमेट्रिक जांच में पता लगा कि अजीत की जगह संतोष परीक्षा दे रहा है। इस संबंध में एसीपी भेलूपुर डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, शिवपुर संवाद प्रतिनिधि के अनुसार, यूपी कॉलेज में प्रथम पाली की परीक्षा में चंदौली के मुगलसराय क्षेत्र के जगदीशपुर भटनिया निवासी अनिल कुमार सोनकर अभ्यर्थी था। उसके स्थान पर बिहार के नालंदा के रामपुर रहुइ का विकास कुमार परीक्षा देते हुए बायोमेट्रिक जांच में पकड़ा गया। प्रधानाचार्य संगीता कुमार की तहरीर पर शिवपुर थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विकास कुमार को हिरासत में ले लिया।







