उत्तर प्रदेश। हापुड़ जिले के थाना देहात क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी सात वर्षीय बच्चे के साथ पड़ोसी किशोर ने कुकर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया। जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। थाना देहात क्षेत्र के एक मोहल्ले के व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि शुक्रवार दोपहर उसका सात वर्षीय पुत्र घर के पास ही खेल रहा था।
इसी दौरान मोहल्ले का एक किशोर उसके पुत्र को सुनसान जगह पर ले गया। जहां खंडहर में ले जाकर आरोपी ने उसके पुत्र के साथ कुकर्म किया। किसी को बताने पर उसके भाई की हत्या की धमकी देकर आरोपी फरार हो गया। लेकिन घर पहुंचकर बच्चे ने परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों से शिकायत करने पर आरोपियों ने किशोर के खिलाफ कार्रवाई के बजाए उसके साथ ही अभद्रता कर दी। पुलिस ने बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना देहात प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि किशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।







