नई दिल्ली। हर्ष विहार इलाके में पिटाई का बदला लेने के लिए एक युवक ने अपने दोस्तों और भाई के साथ मिलकर युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में यतीश कुमार नामक युवक बुरी तरह जख्मी हो गया। गंभीर हालत में उसे जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। यतीश कुमार परिवार के साथ सबोला इलाके में रहता है। वह सब्जी मंडी इलाके में काम करता है। उसकी पड़ोसी आकाश से दोस्ती थी।
आरोप है कि एक सप्ताह पूर्व उसका आकाश से झगड़ा हो गया था। इस दौरान यतीश ने आकाश की पिटाई कर दी थी। मंगलवार को फन्ने खां मोड़ पर आकाश ने यतीश पर चाकू से हमला कर दिया। बाद में सभी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। वहीं दूसरी तरफ कोतवाली थाने की लाल किला पुलिस चौकी टीम ने लूटपाट के इरादे से घूम रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान करण कुमार उर्फ तरुण और धीरज के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो चाकू, एक स्कूटी और अन्य सामान बरामद किया है।







