दिल्ली। दक्षिण-पूर्व जिले के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में मणिपुर की युवती की दुष्कर्म करने के बाद हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उसका शव मंगलवार रात को नेहरू प्लेस के पास स्थित आस्था कुंज पार्क में मिला। अमर कॉलोनी थाना पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया है। पुलिस ने मणिपुर में रह रहे युवती के परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के आने के बाद युवती के शव को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
अमर कॉलोनी थाने में तैनात पुलिसकर्मी मंगलवार रात करीब साढ़े बारह बजे गश्त करते हुए आस्था कुंज पार्क में पहुंचे। यहां पुलिसकर्मियों ने देखा कि एक युवती अचेत पड़ी हुई है। युवती के मुंह से झाग निकल रहे थे। नाक से खून निकल रहा था। कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। पुलिसकर्मियों ने युवती को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पता लगा कि युवती मणिपुर की रहने वाली है। वह अमर कॉलोनी में रहकर छोटा-मोटी नौकरी करती थी। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में ये पता नहीं लग रहा है कि युवती की मौत कैसे हुई है।
देखने में ऐसा लग रहा है कि उसका मुंह दबाया गया है या फिर गला घोंटकर हत्या की गई है। जिस तरह युवती के कपड़े फटे हुए है उससे लग रहा है कि युवती को पार्क में घसीटा गया है। उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि लड़की को मिर्गी के दौरे पड़ते थे। संभवत: उसकी मौत इसी रोग से हुई हो। पुलिस इन सभी एंगलों से जांच कर रही है। असल वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।







