देहरादून। विवाहित महिला के पिछले साल महिला हेल्पलाइन में कराए गए समझौते के बावजूद भी ससुराल में उत्पीड़न जारी रहा। बीते आठ जुलाई की शाम महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में पुलिस ने विवाहिता के पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायपुर थानाध्यक्ष प्रदीप नेगी नेगी ने बताया कि मालती निवासी सुमननगर राजपुर का विवाह 21 दिसंबर 2021 को मानव विहार नत्थनपुर, रायपुर निवासी रोहित बिष्ट पुत्र दयाल सिंह बिष्ट के साथ हुआ था। आठ जुलाई को शाम को दून अस्पताल से मालती की मौत की सूचना उसके मायके वालों को दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे तो बताया कि मालती की फांसी लगने से मौत हुई और शव मोर्चरी में रखा गया था। मौके से मालती के ससुराल वाले गायब थे। इसे लेकर मालती की मां कांति देवी ने रायपुर थाने में तहरीर दी।
आरोप लगाया कि शादी के बाद बेटी का पति रोहित, ससुर दयाल बिष्ट, सास हेमा, जेठ चंदन सिंह बिष्ट दहेज के लिए उत्पीड़न करते थे। आरोप है कि बेटी के पुत्र को भी छीनकर अलग छिपाकर रख लेते थे। उत्पीड़न को लेकर बीते 18 सितंबर को रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद दोनों पक्षों का महिला हेल्पलाइन में समझौता कराया गया। तब ससुराल वाले मालती को अपने यहां ले गए। आरोप है कि इसके कुछ समय बाद मालती का फिर से उत्पीड़न किया गया। इसी चलते उसकी जान चली गई। पुलिस ने चारों आरोपियों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







