गुरुग्राम – नूंह जिले में हुई करोड़ों रुपये की ज्वेलरी चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गुरुग्राम में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान यादराम के रूप में हुई है, जो वारदात के बाद से लगातार ठिकाने बदल रहा था।
पुन्हाना सीआईए, नूंह और गुरुग्राम की सेक्टर-40 सीआईए की संयुक्त टीम को आरोपी की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार होने का प्रयास किया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। घायल अवस्था में उसे तुरंत गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी ने पिनगवां क्षेत्र में एक ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये के आभूषण लूटे थे। इस मामले में उसकी तलाश कई दिनों से की जा रही थी। अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है, ताकि चोरी किए गए गहनों की बरामदगी और वारदात में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद ज्वेलरी लूटकांड से जुड़े कई अहम सुराग सामने आने की संभावना है और पूरे नेटवर्क का खुलासा जल्द किया जाएगा।







