दिल्ली- दक्षिण दिल्ली में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक इलेक्ट्रिक बस के रूट को लेकर हुए विवाद में डीटीसी बस मार्शल ने कंडक्टर की उंगली काट ली। इस हमले के बाद आरोपी मार्शल मानसिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
क्या है मामला?
यह घटना 28 सितंबर की शाम को घटी, जब 34 वर्षीय कंडक्टर जितेंद्र कुमार पुनिया, जो मुनिरका के निवासी हैं, नोएडा सेक्टर-62 से धौला कुआं के बीच चलने वाली एक बस में ड्यूटी पर थे। वे 2019 से डीटीसी में अनुबंध के आधार पर कार्यरत हैं।
बस के रूट को लेकर चालक और मार्शल चाहते थे कि बस लाजपत नगर रिंग रोड फ्लाईओवर से गुजरे, जबकि कंडक्टर जितेंद्र समानांतर सड़क से जाने पर अड़े हुए थे। इसी बात को लेकर पहले बस के भीतर बहस हुई और बाद में मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
धौला कुआं टर्मिनल पर हुआ हमला
शाम करीब 6:30 बजे, जब बस ट्रैफिक से निकलकर धौला कुआं टर्मिनल पहुंची, तब तनाव और बढ़ गया। बस चालक चाय पीने चला गया और जितेंद्र बस में ही खाना खाने लगे। इसी दौरान मार्शल मानसिंह उनके पास पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगा। जब कंडक्टर ने इसका विरोध किया, तो मार्शल ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
उंगली काट दी
पुलिस के मुताबिक झगड़े के दौरान मार्शल ने जितेंद्र के बाएं हाथ की मध्यमा उंगली को इतनी जोर से काटा कि उसकी नोक अलग हो गई। चीख-पुकार सुनकर टर्मिनल पर मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और कंडक्टर को मार्शल की गिरफ्त से छुड़ाया।
पुलिस और इलाज
घायल कंडक्टर ने शाम 7:46 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीसीआर वैन उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उंगली के कटने की पुष्टि की। दर्द और स्थिति की गंभीरता के कारण पहले दिन उनका पूरा बयान दर्ज नहीं हो सका। अगली सुबह पुलिस ने उनका विस्तृत बयान लेकर मामला दर्ज किया।
दोनों तरफ से पुलिस कॉल्स
दिलचस्प बात यह रही कि आरोपी मानसिंह ने भी शाम 6:48 बजे पुलिस को कॉल कर शिकायत की थी कि कंडक्टर उससे झगड़ा कर रहा है। हालांकि, मेडिकल रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि कंडक्टर को मानव काटने से गंभीर चोट आई है।
कार्रवाई जारी
पुलिस ने मानसिंह को गिरफ्तार कर लिया है और साउथ कैंपस थाने में केस दर्ज किया गया है। डीटीसी के वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी है कि मार्शल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू हो चुकी है और उसे मूल कैडर में वापस भेज दिया गया है।







