नई दिल्ली। शाहदरा के बस अड्डे से छह महीने के बच्चे के अपहरण की जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने शिशु तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 6 नवजात शिशुओं को सुरक्षित बचाया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी वीरभान ने बच्चे को अगवा किया था, जिसे उसने ससुर कालीचरण और साथी रामबरन के साथ मिलकर आगरा के केके अस्पताल के मालिक डॉ. कमलेश को सौंपा। वहां से बच्चे की बिक्री का सिलसिला शुरू हुआ।
जांच में शामिल अन्य गिरफ्तार आरोपी हैं:
-
सुंदर सिंह, कृष्णा शर्मा, प्रीति शर्मा
-
रितु, ज्योत्सना, रचिता मित्तल उर्फ रुबीना
-
निखिल अग्रवाल
तफ्तीश में पता चला कि गिरोह ने अविवाहित जोड़ों व निर्धन परिवारों के अवांछित बच्चों की खरीद-फरोख्त की। एक दंपती ने अपना पांचवां बच्चा भी बेच दिया था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने कई बच्चों को आगरा, नैनीताल और फतेहाबाद जैसे इलाकों से छुड़ाया। मुख्य फरार आरोपी कामिनी की तलाश अभी जारी है।







