त्योहारों से पहले सख्त हुई पुलिस, अवैध पटाखों पर चला अभियान
मुरादनगर। दीपावली से पहले मुरादनगर पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गांधी कॉलोनी स्थित सुभाष मंडी इलाके में पुलिस ने छापा मारकर भारी मात्रा में पटाखों का जखीरा बरामद किया है। इस दौरान एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार किया गया।
सूत्रों के अनुसार, एसीपी मसूरी सर्किल को सूचना मिली थी कि इलाके के एक मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया जा रहा है। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने शनिवार को मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान सात बोरे और नौ बॉक्स में रखे करीब 350 पैकेट पटाखे बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से आरोपी सुशील गर्ग, निवासी गांधी कॉलोनी सुभाष मंडी, को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी त्योहारों के दौरान अवैध रूप से पटाखों की सप्लाई करने की फिराक में था।
एसीपी ने बताया कि अवैध पटाखों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे कारोबार में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध पटाखा कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।







