आगरा। ताजनगरी में दहेज उत्पीड़न और अमानवीय प्रताड़ना का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। लंदन से एमबीए कर चुकी एक उच्च शिक्षित युवती की शादी महज आठ महीने के भीतर टूट गई। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि शादी में चार करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार एक करोड़ रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। इनकार करने पर युवती के साथ मारपीट की गई, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और जबरन उसका गर्भपात भी करा दिया गया।
मामला न्यू आगरा के निर्भय नगर का है, जहां के निवासी पत्थर व्यवसायी राजीव गुप्ता ने अपनी बेटी की शादी 26 नवंबर 2025 को शमसाबाद रोड निवासी नंदित बंसल के साथ की थी। आरोपी नंदित हैदराबाद में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और उसके पिता गोविंद बंसल सदर क्षेत्र के प्रसिद्ध ‘सवेरा होटल’ के मालिक हैं। शादी के बाद युवती केवल दो महीने ही ससुराल में रह पाई।
पीड़िता ने जब पति के मोबाइल में संदिग्ध व्हाट्सएप चैट देखी और जान का खतरा महसूस किया, तो वह मायके वापस लौट आई। परिजनों द्वारा कई बार पंचायत के जरिए समझौता कराने की कोशिश की गई, लेकिन ससुराल वाले अपनी मांग पर अड़े रहे। आखिरकार पीड़िता के पिता ने न्यू आगरा थाने में पुलिस को पर्याप्त साक्ष्यों के साथ तहरीर दी।
थाना अध्यक्ष निशामक त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हैदराबाद से आरोपी पति नंदित बंसल, ससुर गोविंद बंसल और सास मीनू बंसल को गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर आगरा लाने के बाद रविवार को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में उन्हें जेल भेज दिया गया है।







