मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में कथित प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। थाना हाईवे क्षेत्र में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक का शव आरोपी के घर के पास रक्तरंजित हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में प्रेम संबंध का विरोध करना एक व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हुआ। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उसकी ननद के प्रेमी ने रंजिश के चलते उसके पति की हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के गांव सावरा निवासी गोविंद उर्फ पप्पू अपनी पत्नी राजकुमारी और परिवार के साथ महोली स्थित ऋषिकुल स्कूल के पास किराये के मकान में रहते थे। परिवार का आरोप है कि गोविंद की बहन का नरहौली निवासी ई-रिक्शा चालक मुकेश से पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था, जिसका गोविंद लगातार विरोध करता था।
परिजनों का कहना है कि शनिवार रात आरोपी मुकेश गोविंद को अपने साथ ले गया। पहले उसने उसे शराब पिलाई और कुछ देर बाद फिर घर से बुलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद गोविंद वापस नहीं लौटा।
रविवार सुबह जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और आरोपी से पूछताछ की, तो कोई जानकारी नहीं मिली। सूचना मिलने पर पुलिस ने आसपास खोजबीन की, जिसके दौरान आरोपी के घर के नजदीक गोविंद का शव बरामद हुआ। शव पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए।
मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि कुल्हाड़ी से हमला कर उसके पति की हत्या की गई। शिकायत के आधार पर थाना हाईवे पुलिस ने आरोपी मुकेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्षेत्राधिकारी प्रवीण तिवारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।







