नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी क्षेत्र में मई माह में हुई 17 वर्षीय किशोर साई कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच पूरी कर ली है। क्राइम ब्रांच ने 16 वर्षीय नाबालिग आरोपी के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) में पुलिस इन्वेस्टिगेशन रिपोर्ट (PIR) दाखिल कर दी है। इसके साथ ही पुलिस ने अर्जी देकर मांग की है कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पर बालिग (वयस्क) की तरह मुकदमा चलाया जाए।
रेस्तरां में विवाद के बाद मारी थी सिर में गोली मामले की मुख्य चश्मदीद गवाह मृतक की 16 वर्षीय महिला दोस्त है। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि 26 मई की शाम को वह और साई कुमार अमर कॉलोनी के एक रेस्तरां में खाना खा रहे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात लड़के उनकी टेबल के पास आए और बदसलूकी करने लगे। साई कुमार द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और धमकी दी।
थोड़ी देर बाद तीनों लड़के वापस लौटे और उनमें से एक नाबालिग आरोपी ने पीछे से आकर साई कुमार के सिर में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल साई कुमार को मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
क्राइम ब्रांच कर रही जांच, 2 अन्य भी गिरफ्तार घटनास्थल से पुलिस को 7.65 एमएम का कारतूस का खोल मिला था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य नाबालिग शूटर समेत दो अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआत में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, जिसे मौत के बाद बीएनएस (BNS) की हत्या की धारा में बदल दिया गया और जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।







