गाजियाबाद- विजयनगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी इलाके में शुक्रवार रात एक मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि रात करीब आठ बजे, ठेली पर बैठकर शराब पी रहे दो युवकों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।
झगड़े के दौरान आरोपियों ने रविंदर कुमार (निवासी शिवपुरी) पर कैंची से लगातार कई वार किए और मौके से फरार हो गए। हमले में रविंदर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत विजयनगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। वहां से परिजनों ने रविंदर को यशोदा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रात करीब 11 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही विजयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में झगड़े की वजह शराब पीते समय हुई कहासुनी बताई जा रही है।







