नई दिल्ली- जिले में संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया, जो लगातार 48 घंटे तक जारी रहा। इस व्यापक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 72 आरोपियों को हिरासत में लिया और उनके पास से हथियार, नशीले पदार्थ व अन्य प्रतिबंधित सामान बरामद किया।
जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने जानकारी दी कि यह अभियान खासतौर पर नशे के अवैध कारोबार, हथियारों की तस्करी और जुए जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए चलाया गया। पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न इलाकों में एक साथ छापेमारी कर संदिग्ध ठिकानों को खंगाला।
नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 628 ग्राम स्मैक जब्त की और इस अवैध कारोबार से जुड़े आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा शराब की गैरकानूनी बिक्री में शामिल 15 लोगों को भी दबोचा गया।
अवैध हथियारों के जरिए लूट और अन्य अपराधों को अंजाम देने वाले बदमाशों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। इस कार्रवाई में 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 चाकू, दो पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि जिले में अपराधियों के हौसले पस्त किए जा सकें और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।







