फरीदाबाद- फरीदाबाद में साइबर ठगों ने बैंक के ऑनलाइन एप का सहारा लेकर 50.94 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। आरोपियों ने क्रेडिट कार्ड जारी करवाने के लिए सेक्टर-88 स्थित एक सोसाइटी का फर्जी पता दिया और खुद को कंपनी एस्कॉर्ट कुबोटा लिमिटेड का कर्मचारी बताकर नकली आईडी जमा की।
पुलिस जांच में सामने आया कि ठगों ने इन क्रेडिट कार्डों से जूलरी खरीदी और वाहनों में ईंधन डलवाया। जब बैंक को भुगतान नहीं मिला तो आंतरिक जांच में यह बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ।
साइबर क्राइम थाना सेंट्रल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच आरोपियों – मंजीत सिंह, अशोक कुमार, प्रदीप शर्मा, सौरव गुप्ता और रविंद्र कुमार – के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।







