उत्तर प्रदेश। मैनपुरी में संपत्ति के विवाद को लेकर पिता की हत्या करने वाले मुनेंद्र को पुलिस ने मंगलवार को चालान करने के बाद जेल भेजा। इससे पूर्व पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त आला ए कत्ल मूसल भी बरामद किया। घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। घटना बिछवां थाना क्षेत्र के अंजनी गांव की है। गांव निवासी देवेंद्र सिंह रविवार की देर रात घर में सो रहे थे। तभी संपत्ति के विवाद को लेकर नाराज पुत्र मुनेंद्र ने सिर पर मूसल से कई वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था। हत्याकांड की सूचना मिलने के बाद सोमवार की सुबह गांव पहुंच पुलिस ने आरोपी मुनेंद्र को गिरफ्तार कर लिया था।
वहीं पूछताछ के बाद निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मूसल भी घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद कर लिया। हत्या के पीछे जमीन बेचे जाने का विवाद सामने आया है। थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी ने बताया कि पिता की हत्या करने वाले आरोपी मुनेंद्र को चालान करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेजा गया है।







