भाई ने पिता से कहा कि “आप इसे घर में बैठाकर खिला रहे हैं, तो मैं भी कुछ नहीं करूंगा।”
अलीगढ़ । उत्तरप्रदेश के जिले अलीगढ़ में एक भाई ने अपनी बहन को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि आरोपी फरार है। पुलिस आरोपी की जांच में जुटी हुई हैं।
भाई ने पीठ पर मारी गोली
अलीगढ़ की खैर तहसील के गांव गौमत में शुक्रवार सुबह 26 वर्षीय पूजा शर्मा को उसके छोटे भाई गौरव शर्मा ने गोली मार दी। घटना तब हुई जब पूजा रसोई में खाना बना रही थी। गोली उसकी पीठ में लगी और वह घायल होकर वहीं गिर पड़ी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप
पुलिस के अनुसार, पूजा की शादी छह साल पहले तहसील खैर के गांव नेहरोला निवासी यतेंद्र शर्मा से हुई थी। लेकिन कुछ समय बाद तलाक हो गया और तब से वह अपने पिता श्यामलाल के घर रह रही थी। इसी बात को लेकर उसका छोटा भाई गौरव लगातार नाराज रहता था। वह पिता से कहता था, “आप इसे घर में बैठाकर खिला रहे हैं, तो मैं भी कुछ नहीं करूंगा।” शुक्रवार को इसी नाराजगी ने हिंसक रूप ले लिया और गौरव ने पीछे से आकर बहन को गोली मार दी। वारदात के बाद गौरव मौके से फरार हो गया।
आरोपी फरार, तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पीड़िता के बयान के आधार पर गौरव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद है।







