पुलिस ने CCTV की मदद से सभी आरोपियों को किया गिरफ्तार, हत्या की कोशिश का मामला दर्ज
दिल्ली- सुल्तानपुरी के बी ब्लॉक में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सड़क पर गोलगप्पे की रेहड़ी लगाने वाले एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। पीड़ित युवक की पहचान धीरेंद्र उर्फ धीरा (उम्र 19), निवासी एक्स ब्लॉक मंगोलपुरी के रूप में हुई है। गुरुवार दोपहर जब वह अपनी रेहड़ी लेकर पहुंचा, तब एक नाबालिग लड़का उसकी जेब टटोलने की कोशिश करने लगा।
जब धीरेंद्र ने इसका विरोध किया, तो अन्य तीन नाबालिग वहां आ धमके। पहले उन्होंने युवक की बेरहमी से पिटाई की और फिर एक ने चाकू निकाल कर उसके सीने में वार कर दिया। चाकू बाईं ओर फंस गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
उसे तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ से उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने वारदात के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में चारों आरोपी नजर आए, जो स्थानीय निवासी निकले।
पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन वे अपने घरों से गायब मिले। आखिरकार शुक्रवार सुबह एक पार्क से चारों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस उपायुक्त (बाहरी जिला) सचिन शर्मा ने जानकारी दी कि चारों नाबालिगों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।







