दिल्ली। दिल्ली के कंझावला इलाके में मंगलवार देर रात स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और नीरज बवानिया-नवीन बाली गिरोह के बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। लाडपुर गांव स्थित आनंद वाटिका के पास हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के कुख्यात शार्पशूटर राहुल सहरावत उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका साथी राहुल डबास उर्फ आरडीएक्स गोलियां बरसाता हुआ मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश अत्याधुनिक हथियारों से लैस होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आने वाले हैं। घेराबंदी होते ही बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस वाहन और पास खड़ी एक कार पर गोलियां लगीं, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद राहुल सहरावत को दबोच लिया गया, जिसके पास से जिगाना और ग्लॉक पिस्टल समेत 5 अवैध हथियार तथा 18 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। फरार आरोपी राहुल डबास की तलाश में पुलिस की टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं।







