दिल्ली- दिल्ली के रोहिणी इलाके के विजय विहार में एक 65 वर्षीय महिला की बुजुर्ग मां की गला घोंटकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान नरेश कुमारी के रूप में हुई है, जो दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में तैनात एक इंस्पेक्टर की मां थीं। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या की आशंका जताई गई है।
घटना की सूचना 7 अक्टूबर की सुबह करीब 8:53 बजे मिली, जब घर में रहने वाले एक किराएदार ने मुख्य दरवाजा खुला देखा और भीतर जाकर बुजुर्ग महिला को बेहोशी की हालत में पाया। सूचना मिलते ही विजय विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को मृत घोषित किया गया।
पुलिस का कहना है कि महिला का शव मकान की पहली मंजिल पर बेड पर मिला, जबकि घर का सामान पूरी तरह व्यवस्थित था। घर से सिर्फ महिला का मोबाइल फोन गायब है, जबकि गहने और अन्य कीमती सामान अपनी जगह पर सुरक्षित पाए गए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, हालांकि डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर गला घोंटे जाने की पुष्टि की है। इस वारदात के पीछे रंजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त (रोहिणी जिला) राजीव रंजन ने बताया कि मृतका के दो बेटे हैं – बड़ा बेटा एमसीडी में इंस्पेक्टर है और रोहिणी में ही तैनात है, जबकि छोटा बेटा चंडीगढ़ में रहता है। कुछ दिन पहले महिला छोटे बेटे के घर से लौटकर आई थीं और तब से अकेली रह रही थीं। मकान की ऊपरी मंजिलों पर किराएदार रहते हैं।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है, लेकिन किसी बाहरी व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि फिलहाल सामने नहीं आई है। ऐसे में पुलिस किसी जान-पहचान वाले पर भी शक जता रही है और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीमें गठित कर दी गई हैं।
दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा की ओर से बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘कम्युनिटी पुलिसिंग’ अभियान के बावजूद इस प्रकार की घटना सामने आना चिंता का विषय बना है।







