मेरठ। मुंडाली थाना क्षेत्र के रहने वाले एक परिवार ने इलाके के रहने वाले कुछ दबंगों पर अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि दबंग की दहशत के चलते नौंवी की छात्रा उनकी बेटी ने स्कूल भी जाना बंद कर दिया है। मगर इसके बावजूद आरोपी अब उनकी बेटी के रेप और हत्या की धमकी दे रहे हैं।
क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला परिवार ब्रहस्पतिवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचा। किशोरी के पिता ने बताया कि उसकी बेटी गांव के ही स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा है। आरोप है कि 14 जुलाई को गांव के रहने वाले विकास ने स्कूल जा रही छात्रा के साथ छेड़छाड़ करते हुए उससे मारपीट की थी।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ मुंडाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि अब विकास और उसके दो अन्य साथियों ने गांव में ऐलान किया है कि यदि किशोरी सडक़ पर नजर आई तो वह उसे उठाकर ले जाएंगे और दुष्कर्म के बाद मर्डर कर देंगे। दहशत में आए पीडि़त परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। जिस पर अधिकारियों ने तत्काल कार्यवाही के आदेश दिए हैं।







