बकेवर। करौंधी गांव में खेत में भैंस घुसने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि एक युवक पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मामले में पुलिस ने घायल की पत्नी की शिकायत पर नौ नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 11 अगस्त की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बाजरा के खेत में भैंस घुस गई थी। राजकुमार ने भैंस को खेत से बाहर निकालने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ देर बाद गोपीचंद, कल्लू, डीके उर्फ रामवीर, वीरू, एस कुमार, माताप्रसाद, सर्वेश कुमार, हमीर सिंह और हाकिम लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंच गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसी दौरान वीरू ने राजकुमार के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले से बचने के प्रयास में उसके हाथ में भी चोट लगी। इसके बाद दोबारा किए गए हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई।
मारपीट की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। पुलिस की मदद से घायल राजकुमार को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
राजकुमार की पत्नी नीलम ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया और घटना के बाद परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
थानाध्यक्ष विपिन मालिक ने बताया कि नीलम की तहरीर के आधार पर नौ नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस विवाद के कारणों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







