नई दिल्ली- दिल्ली पुलिस की द्वारका साइबर सेल को ऑनलाइन साइबर ठगी के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश के इंदौर में छापेमारी कर एक अवैध कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान मौके से गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, द्वारका पुलिस को इस अंतरराज्यीय ठग गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इंदौर स्थित इस अवैध कॉल सेंटर पर दबिश दी। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 28 कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह गिरोह देश भर के लोगों को अपना शिकार बनाकर उनसे लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी कर रहा था। पुलिस अब जब्त दस्तावेजों के आधार पर इनके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।







