दिल्ली- लोनी नगर पालिका परिषद द्वारा अधिकृत होर्डिंग ठेकेदार अनिल त्यागी ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। अनिल त्यागी का कहना है कि उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है, और यह धमकी खतौली से विधायक मदन भैया के नाम पर दी गई है। इस धमकी का एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अनिल त्यागी, जो मुरादनगर के रहने वाले हैं और लोनी क्षेत्र में पोल व होर्डिंग लगाने के लिए अधिकृत ठेकेदार हैं, ने थाना टीला मोड़ में तहरीर दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि 7 सितंबर को कुछ लोगों ने उनके दलित कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और उन्हें काम करने से रोका। आरोपियों ने जबरन विज्ञापन के पोल पर एक विधायक का पोस्टर चिपका दिया।
अगले दिन, 8 सितंबर को, एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर उन्हें गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। कॉल करने वाले ने धमकाया कि “तुझे पोल पर लटकाकर टांग देंगे।” इसके बाद एक और कॉल आई जिसमें कहा गया कि “तेरा पता निकाल लिया है, लोनी में नजर मत आना।”
अनिल त्यागी का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वे और उनका परिवार डरे हुए हैं। उन्होंने पुलिस से तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले पर जब खतौली विधायक मदन भैया से प्रतिक्रिया ली गई, तो उन्होंने कहा कि यह घटना उनकी जानकारी में नहीं है और इसे किसी प्रकार की राजनीतिक साजिश भी बताया जा सकता है।
शालीमार गार्डन के एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, और निष्पक्ष जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।







