उधम सिंह नगर। थाना कुण्डा पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। शुरू में सड़क हादसा समझे जा रहे इस मामले को पुलिस ने गहन जांच के बाद हत्या साबित किया और आरोपियों तक पहुंच बनाई।
सड़क हादसा निकला हत्या का मामला
4 सितंबर को थाना कुण्डा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक सड़क दुर्घटना में घायल हुआ है। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बिजनौर (उ.प्र.) निवासी सचिन कुमार चौहान के रूप में हुई। मामले में संदिग्ध पहलू सामने आने पर एसएसपी ने जांच के लिए तीन टीमें गठित कीं।
CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और परिचितों से पूछताछ के बाद 5 सितंबर को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर से छर्रे मिलने पर स्पष्ट हो गया कि उसकी गोली मारकर हत्या की गई थी।
पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपी
लगातार जांच के बाद पुलिस ने 8 सितंबर को जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी को रामनगर से और 9 सितंबर को मुख्य आरोपी सोनू वर्मा को काशीपुर बाईपास से गिरफ्तार कर लिया।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सोनू वर्मा का मृतक की पत्नी से अवैध संबंध था। विरोध करने पर उसने अपने जीजा जसप्रीत सिंह के साथ मिलकर सचिन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। आरोपियों ने मोटरसाइकिल गिरवी रखने के बहाने सचिन को बुलाया और पुल के पास गोली मार दी।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी निवासी शाहजहांपुर (उ.प्र.) कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या का प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे 8 मुकदमे दर्ज हैं।
सोनू वर्मा निवासी काशीपुर, मृतक की पत्नी से संबंधों के चलते जुनून में आकर हत्या की साजिश में शामिल हुआ।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त स्कूटी (UK06W-3165), तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।







