पुलिस को दी शिकायत में सोरखा गांव निवासी पवन कुमार ने कहा है कि दिवाली के मौके पर वह बुलंदशहर स्थित पैतृक गांव गया था। घर पर पत्नी और बेटा कृष्ण (11) था। सोमवार को पवन की गाय कहीं चली गई। कृष्ण पैदल ही सोरखा गांव में गाय की तलाश कर रहा था। आरोप है कि सुबह साढ़े ग्यारह बजे के आसपास गांव के पास स्थित एक स्कूल के मालिक और उसके साथियों ने कृष्ण को चोरी के शक में बंधक बनाकर करीब दो घंटे तक उसके साथ मारपीट की।
बच्चे के शरीर पर पिटाई करने के निशान भी हैं। पड़ोसियों ने स्कूल मालिक को बच्चा द्वारा चोरी नहीं करने की बात कही। इसके बाद स्कूल मालिक ने बच्चे से पवन का नंबर लेकर स्कूल बुलाया। घर पर नहीं होने की वजह से बच्चे को लेने के लिए पत्नी पहुंची। पत्नी को बच्चे ने आपबीती बताई। पड़ोसियों ने भी इसकी गवाही दी। इसके बाद थाना सेक्टर-113 पुलिस को घटना की लिखित शिकायत दी गई।







