शिकायतकर्ता से 40 हजार लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी, विभागीय अधिकारी भी जांच के घेरे में
दिल्ली- दिल्ली स्थित सीमा सुरक्षा बल (BSF) के दो अधिकारियों को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 40,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अधिकारियों में सहायक लेखा अधिकारी (AAO) धर्मेंद्र कुमार वर्मा और वेतन एवं लेखा कार्यालय (PAO) के अन्य कर्मचारी शामिल हैं। सीबीआई ने इनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले की शुरुआत एक शिकायत से हुई, जिसमें कहा गया था कि शिकायतकर्ता के 18.73 लाख रुपये के बकाया वेतन और बिल भुगतान को मंजूरी देने के एवज में अधिकारी ने कुल रकम का 15 से 20 प्रतिशत रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद घूस की रकम दो लाख रुपये तय हुई।
जांच एजेंसी ने शिकायत की पुष्टि के बाद जाल बिछाया। शुक्रवार को सहायक लेखा अधिकारी को 40,000 रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। सीबीआई की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज और सबूत भी जब्त किए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि अधिकारी लगातार रिश्वत देने के लिए दबाव बना रहे थे। जब कोई रास्ता नहीं बचा तो उन्होंने सीबीआई से संपर्क किया। उन्होंने यह भी बताया कि उनका बकाया वेतन चार जुलाई को ही संबंधित विभाग को भेजा जा चुका था, लेकिन जानबूझकर भुगतान में देरी की जा रही थी।







