ललितपुर- झांसी के कोतवाली सदर क्षेत्र में एक इवेंट से लौट रही डायल 112 पीआरवी टीम पर हमला कर दिया गया। घटना में होमगार्ड और सिपाही के साथ मारपीट की गई और वर्दी फाड़ दी गई। पुलिस ने दो नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मंगलवार को मोहल्ला डोढा घाट में एक कार्यक्रम की सूचना पर पहुंचे पीआरवी कर्मी सिपाही यशवेंद्र राजपूत और होमगार्ड वीरन सिंह ने मौके पर दोनों पक्षों को शांत किया और लौटने लगे। इसी दौरान रास्ते में मनीष और छोटू रजक ने उनका वाहन रोका। छोटू ने होमगार्ड को थप्पड़ मारा और सिपाही से मारपीट करते हुए उसकी वर्दी भी फाड़ दी।
इतना ही नहीं, मौके पर मौजूद अन्य दो लोगों ने मिलकर छोटू को छुड़ाकर मौके से भगा दिया। भागते वक्त उसने पुलिस को जान से मारने की धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
सिपाही की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।







