जबलपुर। संजीवनी नगर इलाके में शनिवार रात एक एटीएम को लूटने की असफल कोशिश के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। लूट की साजिश में शामिल महिला कोई और नहीं, बल्कि अपने ही भांजे के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने पहुंची थी। एटीएम से नकदी नहीं निकाल पाने के बाद दोनों मौके से भाग गए, लेकिन CCTV फुटेज ने उनकी पहचान उजागर कर दी।
संजीवनी नगर थाना प्रभारी बी.डी. द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में स्थित एक निजी बैंक के एटीएम में तोड़फोड़ कर नकदी निकालने की कोशिश की गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में एक महिला और एक किशोर एटीएम के अंदर घुसकर मशीन को नुकसान पहुंचाते नजर आए। वीडियो के आधार पर महिला की पहचान 24 वर्षीय भारती मेहरा के रूप में हुई, जो मूल रूप से नरसिंहपुर की रहने वाली है और हाल ही में अपनी बहन के घर जबलपुर आई थी। किशोर उसकी बहन का बेटा यानी उसका नाबालिग भांजा है, जो कक्षा 11वीं का छात्र है।
पूछताछ में महिला ने बताया कि भांजे की स्कूल फीस जमा नहीं हो सकी थी और उसे स्कूल से निकालने की चेतावनी मिल चुकी थी। आर्थिक तंगी के चलते उसने भांजे के साथ मिलकर एटीएम लूटने की योजना बनाई। दोनों ने रात में एटीएम के भीतर घुसकर रॉड और पेंचकस की मदद से मशीन को खोलने की कोशिश की, लेकिन विफल रहे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की कोशिश में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद कर लिए हैं। महिला भारती मेहरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं नाबालिग भांजे को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है, ताकि यह पता चल सके कि लूट की योजना में और कोई शामिल था या नहीं।







