झांसी। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व बबीना विधायक धर्मेंद्र सिंह और उनकी पत्नी शशि अहिरवार के खिलाफ ज़मीन पर अवैध कब्जा, फर्जी दस्तावेज़ों के जरिए बिक्री और धमकाने के आरोप में रक्सा थाने में नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गणेश विहार कॉलोनी निवासी शैलेश मट्टू ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि रक्सा क्षेत्र में उसकी पुश्तैनी ज़मीन धर्मेंद्र सिंह की ज़मीन से सटी हुई है। शैलेश के मुताबिक, पूर्व विधायक ने अपनी ज़मीन पहले ही प्लॉट के रूप में बेच दी थी, लेकिन अब वह शैलेश की ज़मीन को भी कब्जाने की कोशिश कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उसकी ज़मीन को अपना बताकर पत्नी शशि अहिरवार के नाम दानपत्र के माध्यम से एक एकड़ ज़मीन दर्ज करवा दी। इसके बाद उस ज़मीन की प्लॉटिंग भी शुरू कर दी गई है।
शैलेश का कहना है कि लेखपाल की जांच में इस कथित फर्जीवाड़े की पुष्टि हो चुकी है। इसके बावजूद, जब उसने विरोध किया तो पूर्व विधायक और उनकी पत्नी ने उसे डराने-धमकाने की कोशिश की।
पुलिस ने शैलेश की तहरीर पर पूर्व विधायक धर्मेंद्र सिंह और उनकी पत्नी शशि अहिरवार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







